जनपद में नियमित टीकाकरण के तहत 3478 बच्चों को लगाया गया पीसीवी का टीका

सोनभद्र. नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को न्यूमोकाकल कन्ज्यूगेट वैक्सीन का टीका लगाया जा रहा है. पीसीवी टीका लगाने का कार्य जिले में पहली बार 13 अगस्त से प्रारंभ हुआ है और एक माह तक टीका लगाया जाएगा. अब तक 3478 बच्चों को पीसीवी का टीका लगाया जा चुका है. बच्चों को टीकाकरण से आच्छादित करने का उद्देश्य है कि जनपद का प्रत्येक बच्चा स्वस्थ और सुरक्षित रहे.

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रामकुवर ने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा ग्राम स्तर पर बुधवार एवं शनिवार को नियमित टीकाकरण पर बच्चों को पीसीवी का निशुल्क टीका लगाया जा रहा है. प्रथम चरण में टीका लगाने का कार्य 13 अगस्त से प्रारंभ हुआ है और अब तक 3478 बच्चों को पीसीवी का टीका लगाया जा चुका है. न्यूमोकाकल कन्ज्यूगेट वैक्सीन बच्चों को न्यूमोकाकल बैक्टीरिया से होने वाले निमोनिया एवं दिमागी बुखार तथा कान के संक्रमण से बचाता है. उन्होंने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर बच्चों को टीका लगाने का कार्य स्वास्थ्य कर्मी, आशा, एएनएम द्वारा किया जा रहा है.

इसके अलावा केंद्रों पर आने वाले बच्चों के परिजनों को कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मुंह पर मास्क लगाने और साबुन या सैनिटाइजर से बार-बार हाथ धोने तथा बेवजह घर से बाहर न निकलने का परामर्श दिया जा रहा है. जिससे लोग कोरोना वायरस की चपेट में न आने पाए. जिला प्रतिरक्षण अधिकारी के अनुसार पेंटा प्रथम के साथ पीसीवी का पहला डोज बच्चों को दिया जाता है. इसके अलावा पिंटा तृतीय डोज के साथ पीसीवी का दूसरा डोज तथा एमआर के साथ पीसीवी का बूस्टर डोज बच्चों को दिया जाता है. पीसीवी का यह टीका निमोनिया से बच्चों के मृत्यु दर को कम करेगा. उन्होंने बताया कि टीकाकरण शासन की प्राथमिकताओं में है और बच्चों को टीकाकरण से आच्छादित करने का उद्देश्य है कि बच्चे स्वस्थ एवं सुरक्षित रहें वह किसी बीमारी की चपेट में न आने पाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[srs_total_visitors]