जनपद में पोषण माह अभियान का हुआ शुभारंभ सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी

सोनभद्र. बच्चों एवं किशोरियों को कुपोषण से बचाने व उनके स्वास्थ्य के सुधार के लिए जिले में राष्ट्रीय पोषण माह का आगाज सोमवार को हुआ . मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन में हरी झंडी दिखाकर पोषण माह अभियान का शुभारंभ किया. मुख्य विकास अधिकारी डॉ अमित पाल शर्मा ने कहा कि बाल विकास, पंचायती राज, कृषि विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, बेहतर सामंजस्य स्थापित कर पोषण अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर बच्चों, किशोरों, धात्री एवं गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें. उन्होंने कहा कि पोषण माह का मुख्य थीम सैम एवं मैम बच्चों का चिन्हाकन कर उनका संदर्भ तथा पोषण वाटिका, वृक्षारोपण प्रमुख रूप से किया जाना है. जनपद के सभी विद्यालयों में किचन गार्डन इस माह में लगाए जाएं ,इसमें ग्राम प्रधान ,शिक्षक ,आंगनबाड़ी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है. पोषण वाटिका में सहजन, अमरूद ,पपीता के पौधे लगाए जाएं.

इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि पोषण माह को विभिन्न विभागों से कन्वर्जेंस करते हुए 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का वजन एवं लंबाई की नापी ली जाएगी. सैम व मैम बच्चों का चिन्हाकन कर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य जांच कराया जाएगा और आवश्यकता अनुसार बच्चों को102, 108 एंबुलेंस से एनआरसी में भर्ती कराया जाएगा. इसके अलावा किचन गार्डन के माध्यम से एवं समुदाय के सहयोग से 0 से 5 वर्ष के बच्चों को अंडरवेट की श्रेणी से बाहर निकाला जाएगा. उन्होंने ग्रामीणों से अपील किया कि स्कूल में पोषण वाटिका बनाने एवं उसको सुरक्षित रखने में सहयोग करें तथा अपने गांव के 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का वजन एवं लंबाई आगनबाडी केंद्र पर कराएं. पोषण माह में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीकाकरण वाले दिन बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का वजन लेकर पंजिका एवं आईसीडीएस सॉफ्टवेयर पर अवश्य दर्ज करें और पोषण माह को जन आंदोलन का रूप देकर जिले को कुपोषण मुक्त बनाए. इस मौके पर जिला विकास अधिकारी रामबाबू त्रिपाठी, बाल विकास परियोजना अधिकारी रेनू वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[srs_total_visitors]