स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन

रामपुर : जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार 16 मार्च से 31 मार्च तक संचालित स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत जिला गंगा समिति एवं सामाजिक वन प्रभाग द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में स्वच्छता, पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान, वाद-विवाद, निबंध, कला, रैली एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश दिए गए हैं. इसी क्रम में नव निर्माण के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास भवन स्थित वाइट हॉल में वाइट हॉल पब्लिक स्कूल एवं मनोरमा हायर सेकेंडरी स्कूल, शाहबाद के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में प्रभागीय निदेशक प्रवण जैन ने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं की सहभागिता से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है तथा गंगा स्वच्छता अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाना आवश्यक है. कार्यक्रम के दौरान गंगा स्वच्छता महा अभियान को जन-जन से जोड़ने हेतु उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया तथा गंगा स्वच्छता की शपथ भी कराई गई.
जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. यदि प्रत्येक व्यक्ति एक-एक पेड़ लगाए, तो न केवल नगर में हरियाली बढ़ेगी बल्कि देश भी हरा-भरा बनेगा. उन्होंने आमजन से अपील की कि गंगा में किसी भी प्रकार की प्लास्टिक एवं पूजा सामग्री प्रवाहित न करें. उन्होंने यह भी कहा कि गंगा नदी की स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, किन्तु गंगा तट पर निवास करने वाले लोगों को और अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है. जनजीवन में सकारात्मक बदलाव लाने एवं स्वच्छता को अपनाने के लिए सभी को मिलकर सतत प्रयास करने होंगे. कार्यक्रम में संबंधित विभाग के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[srs_total_visitors]