रामपुर में शांतिपूर्वक ईद का पर्व संपन्न, DM-SP दिनभर लेते रहे व्यवस्थाओं का जायजा
रामपुर: जनपद में शनिवार को आपसी भाईचारे के साथ ईद का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया. इस दौरान लोगों ने एक दूसरे के गले लगकर ईद की बधाई दी. वहीं, डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने जनपद वासियों को ईद की बधाई देते हुए शांतिपूर्वक पर्व मनाने की अपील की साथ ही उन्होंने कहा कि उपद्रवियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
ईद के पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने पुलिस बल के साथ जनपद के विभिन्न ईदगाहों, मस्जिदों तथा प्रमुख मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में तैनात समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगणों को सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए. साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए.
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पर्व सकुशल संपन्न हो.