UP में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान: 13 नवंबर को 9 सीटों पर वोटिंग, 23 को आएगा रिजल्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने मंगलवार को तारीखों का ऐलान कर दिया. प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होगा. जबकि नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे.
प्रदेश की 10 सीटों पर उपचुनाव होना था, लेकिन मिल्कीपुर सीट पर कोर्ट में दायर याचिका के चलते यहां चुनाव की तारीख नहीं घोषित की गई है. इस बार केवल 9 सीटों पर मतदान होगा.
उपचुनाव के लिए जिन 9 सीटों पर वोटिंग होगी. उनमें करहल (मैनपुरी), सीसामऊ (कानपुर), कटेहरी (अंबेडकरनगर), कुंदरकी (मुरादाबाद), खैर (अलीगढ़), गाजियाबाद, फूलपुर (प्रयागराज), मझवा (मिर्जापुर) और मीरापुर (मुजफ्फरनगर) शामिल हैं.
सीसामऊ सीट पहले सपा विधायक इरफान सोलंकी के सजा होने से रिक्त हुई थी, जबकि अन्य 9 सीटें विधायकों द्वारा छोड़ी गई हैं. जो अब लोकसभा सदस्य बन चुके हैं।
इसके अलावा चुनाव आयोग ने यूपी के साथ ही पंजाब उपचुनाव और महाराष्ट्र-झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का भी ऐलान किया है.
राजनीतिक दलों के लिए ये उपचुनाव अहम हैं. यह न केवल सत्ता की साख को परखने का मौका है. बल्कि आगामी चुनावों का भी संकेत देंगे.